Tuesday, September 24, 2024

News

कपिल शर्मा नेटफ्लिक्स पर लाएंगे नया वेब शो

ज्योत्सना पंत श्रीवास्तव | January 06, 2021 01:06 PM

मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा एक नई वेब सीरीज़ में नजर आने वाले हैं। यह नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होगी। इसके लिए कपिल ने अपना वजन भी घटाना शुरू कर दिया है।

शुभ समाचार संबंधी सारी अटकलों को विराम देते हुए कपिल शर्मा ने मंगलवार को अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो अपलोड कर यह जानकारी साझा की है कि वे एक नया वेब शो ला रहे हैं। दरअसल, सोमवार को कपिल ने ट्वीट कर फैंस से पूछा था- शुभ समाचार को अंग्रेजी में क्या कहते हैं? कृपया बताएं। इसके बाद अटकलें शुरू हो गई थीं। दूसरी बार पिता बनने की बात उन्होंने पहले ही फैंस को बता दी थी। इसलिए इस ट्वीट के बाद फैंस कन्फ्यूजन में थे।

कपिल ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, अफवाहों पर ध्यान नहीं दें, बस मुझ पर विश्वास करें। मैं नेटफ्लिक्स पर जल्द ही आ रहा हूं। यही शुभ समाचार है। कपिल इस मजाकिया वीडियो में टी-शर्ट, डेनिम और लेदर जैकेट पहने दिख रहे हैं और वीडियो अनाउंसमेंट वीडियो को रिकॉर्ड करने की तैयारी में हैं। वीडियो में वे ऑस्पिशियस शब्द को ठीक से उच्चारित नहीं कर रहे हैं और उनका स्ट्रगल साफ दिख रहा है। कई बार की कोशिशों के बाद भी जब कपिल यह शब्द सही नहीं बोल पाते हैं तो डायरेक्टर उन्हें यह वीडियो अंग्रेजी के बजाय हिंदी में रिकॉर्ड करने की सलाह देते हैं। यह सुनते ही कपिल रिलेक्स होकर पूछते हैं- रियली? खैर मैंने अंग्रेजी में इसकी पूरी तैयारी कर ली थी, लेकिन ठीक है। अगर नेटफ्लिक्स खुद ही इतने इंडियन हैं तो मुझ पर जबरदस्ती अंग्रेजी बोलने के लिए इतना दबाव क्यों बनाया? तो मैं आपके टीवी, लैपटॉप और फोन पर आ रहा हूं, नेटफ्लिक्स पर। यही शुभ समाचार है।

इसके पहले द कपिल शर्मा शो के बिहाइंड द सीन वीडियो में कपिल यह कहते नज़र आते हैं कि उन्होंने एक नए वेब शो के लिए वजन घटाना शुरू कर दिया है। उन्होंने घर पर अपने वर्कआउट की झलक भी दिखाई थी।

Have something to say? Post your comment